जम्मू, 27 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के डोडा और कठुआ जिलों में मादक पदार्थों के खिलाफ गहन अभियान के दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया गया है और प्रतिबंधित पदार्थ तथा 23 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उधमपुर जिले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मादक पदार्थ तस्करों से जुड़ी 73 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई है।
डोडा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहम्मद असलम ने बताया कि रविवार शाम को मुख्य कस्बे के डाक मोहल्ला स्थित एक घर पर छापेमारी के दौरान 85 ग्राम संदिग्ध ‘ब्राउन शुगर’ और 23 लाख रुपये से अधिक की बरामदगी के बाद एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि महिला का नाम ज़रीना बेगम है और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता की सूचना मिलने के बाद से पुलिस उस पर नज़र रख रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि ज़रीना के अलावा, छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसकी बेटी और दामाद को भी हिरासत में लिया।
असलम ने कहा, “हमने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है और उसके आधार पर गिरफ्तारियां की जाएंगी। हम अन्य संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी रखे हुए हैं।”
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कठुआ जिले में अलग-अलग स्थानों से मादक पदार्थों के तीन तस्करों – हीरानगर के प्रदीप सिंह, बिलावर के रहीस बट और अमृतसर (पंजाब) के अली सेन को हेरोइन के साथ पकड़ा गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि तीनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
प्रवक्ता ने बताया कि स्वापक औषधि या मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज दो अलग-अलग मामलों में 73 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा