जम्मू-कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए 50 देशों से 1,100 से अधिक प्रविष्टियां
जम्मू-कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए 50 देशों से 1,100 से अधिक प्रविष्टियां
श्रीनगर, तीन अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफजेके) को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। अगले महीने यहां आयोजित होने वाले इस महोत्सव के लिए लगभग 50 देशों से 1,100 से अधिक फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘फिल्म महोत्सव को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। ‘अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता’, ‘लघु फिल्म’, ‘भारत पैनोरमा-जेके सेलेक्ट’ सहित विभिन्न श्रेणियों में लगभग 50 देशों से 1,100 से अधिक फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं।’’
उन्होंने कहा कि पहला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव सात से 10 सितंबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा और इसका विषय ‘रंग-ए-सिनेमा’ रखा गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का उद्देश्य भारत के सबसे विशिष्ट सांस्कृतिक परिदृश्यों में से एक जम्मू-कश्मीर में फिल्म निर्माताओं, फिल्म उद्योग से जुड़े पेशेवरों और दर्शकों को एक मंच पर लाना है।
सूचना निदेशक श्रेया सिंघल ने सोमवार को यहां मीडिया कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर फिल्म महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवस्था, प्रतिनिधियों की सुविधा, आतिथ्य, मीडिया प्रबंधन, परिवहन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, तकनीकी सहायता, रसद और अन्य संबंधित तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।
सिंघल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का पहला संस्करण जम्मू-कश्मीर के सांस्कृतिक और सिनेमाई परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


