जम्मू मैराथन शहर को फिटनेस पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगी : उमर अब्दुल्ला

Ads

जम्मू मैराथन शहर को फिटनेस पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगी : उमर अब्दुल्ला

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 05:15 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 05:15 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

जम्मू, 29 मार्च (भाषा) जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि ‘ टेम्पल्स टू ट्रेल्स’ (मंदिरों से लेकर पगडंडियों तक)थीम पर आधारित जम्मू मैराथन शीतकालीन राजधानी को फिटनेस पर्यटन और सांस्कृतिक अन्वेषण के लिए एक जीवंत गंतव्य के रूप में स्थापित करेगी।

अब्दुल्ला ने स्वयं इस मैराथन में दौड़ लगाई। उन्होंने यहां मौलाना आजाद स्टेडियम में जम्मू मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खराब मौसम के बावजूद दो घंटे में 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी की।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री ने आज जम्मू मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन में भी भाग लिया। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया और दैनिक जीवन में फिटनेस और समग्र स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया।’’

अब्दुल्ला ने कहा कि ‘‘टेम्पल्स टू ट्रेल्स’’की थीम पर आधारित यह कार्यक्रम जम्मू को फिटनेस पर्यटन और सांस्कृतिक अन्वेषण के लिए एक जीवंत गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इसके समृद्ध विरासत के साथ-साथ इसके सुरम्य परिदृश्यों को भी प्रदर्शित करेगा।

भाषा धीरज नरेश

नरेश