जम्मू : सीईसी के इस्तीफे की मांग कर रहे कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

जम्मू : सीईसी के इस्तीफे की मांग कर रहे कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

जम्मू : सीईसी के इस्तीफे की मांग कर रहे कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
Modified Date: September 25, 2026 / 03:34 pm IST
Published Date: September 25, 2026 3:34 pm IST

जम्मू, 25 सितंबर (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जम्मू में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार को पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।

कांग्रेस सांसद एवं पार्टी महासचिव डॉ. सैयद नासिर हुसैन ने इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जिसमें पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने जम्मू में निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश करते हुए कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका।

प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए आयोग के कार्यालय के आसपास पुलिस और अर्द्धसैनिक बल की भारी तैनाती की गई थी।

सुरक्षाकर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प भी हुई, जिसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ताराचंद ने पत्रकारों से कहा, ‘‘बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया और बसों से ले जाया गया। हम सीईसी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसलिए हमने आज यहां विरोध-प्रदर्शन किया।’’

कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर पार्टी के देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन के तहत, कांग्रेस कार्यकर्ता आयोग के कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और परिसर का घेराव करने की कोशिश की।

कांग्रेस ने एसआईआर के संबंध में सीईसी कुमार द्वारा लिये गए निर्णय और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की भी मांग की है।

यह घटनाक्रम अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की उस रिपोर्ट के कुछ दिनों बाद हुआ, जिसमें कहा गया था कि निर्वाचन आयुक्त -सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी- ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार आपत्तियां दर्ज की थीं।

कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ देशभर में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में