बेंगलुरु में पुलिसकर्मी के साथ दुर्व्यवहार के मामले में जद(एस) का नेता गिरफ्तार

Ads

बेंगलुरु में पुलिसकर्मी के साथ दुर्व्यवहार के मामले में जद(एस) का नेता गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 09:23 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 09:23 PM IST

बेंगलुरु, 17 अगस्त (भाषा) कर्नाटक में जनता दल (सेक्युलर) के महासचिव मंजूनाथ सी को यहां एक यातायात पुलिसकर्मी के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय मंजूनाथ उर्फ गोट्टीगेरे मंजन्ना यहां गोट्टीगेरे के रहने वाले हैं।

यह घटना 16 अगस्त को अपराह्न करीब तीन बजे की है, जब हुलीमावु ट्रैफिक पुलिस थाने में तैनात कांस्टेबल अरुण मंजप्पा बदगौद्र बीजी रोड स्थित गोट्टीगेरे जंक्शन पर ड्यूटी कर रहे थे।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें मंजूनाथ कथित तौर पर कांस्टेबल का कॉलर पकड़कर उन्हें लात मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में व्यापक रोष देखा गया।

पुलिस के अनुसार यातायात नियंत्रित करने के दौरान कांस्टेबल ने मंजूनाथ की कार को रुकने का संकेत दिया। इसके बाद वह वाहन से बाहर निकले और कथित तौर पर कांस्टेबल के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कांस्टेबल को सिर से टक्कर मारी और चेहरे पर मुक्का मारा, जिससे उन्हें खून निकलने की चोटें आईं। उन्होंने कांस्टेबल को सरकारी ड्यूटी करने से भी रोका और मौके से फरार हो गए।

कांस्टेबल ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए हुलीमावु थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच के दौरान 17 अगस्त की तड़के पुलिस ने उस व्यक्ति का पता लगाया और उसे पकड़ लिया, जिसने कथित तौर पर पुलिस कांस्टेबल के साथ मारपीट की थी और मौके से फरार हो गया था।’’

उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव