लातेहार, 18 अप्रैल (भाषा) झारखंड के लातेहार जिले में 16 वर्षीय आदिवासी किशोरी से पांच युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात सदर थाना क्षेत्र में घटी।
पीड़िता ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया कि लड़की ने अपने बयान में कहा कि बृहस्पतिवार रात एक शादी समारोह के दौरान उसी गांव के पांच युवक उसे जबरन जंगल में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया।
उन्होंने पीड़िता के बयान का हवाला देते हुए बताया, “आरोपियों ने उसे धमकाया और आधी रात को जंगल में छोड़ दिया। लड़की किसी तरह अपने रिश्तेदार के घर पहुंची और उन्हें पूरी घटना बताई।”
अधिकारी ने बताया कि लड़की को चिकित्सा जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया, “आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
भाषा जितेंद्र धीरज
धीरज