जमशेदपुर, 25 मार्च (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में भारतीय सेना के जवानों ने बुधवार को संभवत: द्वितीय विश्व युद्ध के समय के दो बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि धातु के बेलनाकार कंटेनर में भरे विस्फोटकों को एक के बाद एक 30 मिनट के अंतराल में निष्क्रिय कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह बहरागोड़ा क्षेत्र में पानीपाड़ा-नागुदसाई मार्ग पर खुदाई के दौरान गैस सिलेंडर जैसा दिखने वाला 200 किलोग्राम का बम बरामद किया गया था।
उन्होंने बताया कि सोमवार को घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान एक ग्रामीण के घर में इसी तरह के आकार का दूसरा बम बरामद किया गया।
सत्यार्थी ने कहा कि पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोगों को अगले 24 घंटों तक उस स्थान के आसपास न जाने की सलाह दी गई है।
झारखंड पुलिस ने बम को निष्क्रिय करने के लिए पहले सेना से सहायता मांगी थी।
भाषा
शफीक नरेश
नरेश