झारखंड एटीएस ने पेट्रोल बम हमला मामले में आतंकी संबंध की जांच के लिए आरएसएस कार्यालय का दौरा किया

Ads

झारखंड एटीएस ने पेट्रोल बम हमला मामले में आतंकी संबंध की जांच के लिए आरएसएस कार्यालय का दौरा किया

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 09:33 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 09:33 PM IST

रांची, 22 जून (भाषा) झारखंड के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर कथित पेट्रोल बम हमले की जांच के तहत सोमवार को कार्यालय का दौरा किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

संदेह है कि इस हमले का संबंध अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से है।

अधिकारी ने कहा कि एटीएस की टीम ने कार्यालय का निरीक्षण किया तथा सीसीटीवी फुटेज एवं घटना से जुड़े अन्य सबूत जुटाये।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने आरोप लगाया था कि 17 जून की सुबह यहां निवारणपुर में उसके कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके गए थे। उसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।

रांची पुलिस ने बताया था कि एसआईटी ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है।

आरोपियों में से दो को 17 जून को देर रात कोडरमा ज़िले के गजहंडी रेलवे स्टेशन के पास पकड़ा गया और इस घटना में इस्तेमाल की गई एक कार जब्त की गई। एक और आरोपी को 18 जून को यहां गिरफ़्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान, रांची पुलिस को इस मामले में संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय आतंकी कनेक्शन मिले और इसके बाद जांच एटीएस को सौंप दी गई।

एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के सिलसिले में सोमवार को एक टीम ने आरएसएस कार्यालय का दौरा किया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम जांच के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकते क्योंकि यह बहुत गोपनीय है।’’

भाषा

राजकुमार अविनाश

अविनाश