बोकारो (झारखंड), दो फरवरी (भाषा) झारखंड पुलिस ने सोमवार को यहां के चंदनकियरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चहारदीवारी के पास स्थित झाड़ियों से एक महिला का शव बरामद किया जो कुछ दिनों से लापता थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि महिला की पहचान नमिता देवी (55) के रूप में हुई है जो बोकारो स्टील सिटी पुलिस थाना क्षेत्र के सेक्टर-2ए की निवासी थी।
उन्होंने बताया कि वह 20 जनवरी को सुबह की सैर के लिए घर से निकली थीं और उसके बाद लापता हो गईं।
मृतक के बेटे अमर गोपे ने दांतों और चूड़ियों की मदद से शव की पहचान की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आधा निर्वस्त्र शव आंशिक रूप से जला हुआ था। प्रारंभिक जांच से बलात्कार के बाद हत्या की संभावना का संकेत मिलता है।
पुलिस ने कहा कि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मृतक का पति बोकारो स्टील प्लांट में कर्मचारी है।
परिवार ने उसी दिन बोकारो स्टील सिटी पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस दिन वह लापता हुई थीं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
भाषा संतोष जोहेब
जोहेब