झारखंड : कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया के लिए 17,281 बीएलए तैनात किए

Ads

झारखंड : कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया के लिए 17,281 बीएलए तैनात किए

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 08:55 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 08:55 PM IST

रांची, 19 मई (भाषा) कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मंगलवार को कहा कि राज्य में मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम न हटाया जाए, यह सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने 17,281 बूथ-स्तरीय एजेंट तैनात किए हैं।

कमलेश ने कहा कि पार्टी मतदाता सूचियों के एसआईआर का स्वागत करती है, लेकिन इसके संचालन के तरीके का विरोध करती है।

उन्होंने कहा, “झारखंड में लगभग 29,000 बूथ हैं। इनके लिए पार्टी ने राज्य भर में 17,281 बीएलए तैनात किए हैं। उन्हें इस उद्देश्य से प्रशिक्षित किया गया है कि राज्य में मतदाता सूचियों के आगामी एसआईआर के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम न हटाया जाए।”

कमलेश ने कहा कि निर्वाचन आयोग को नये मतदाताओं के नाम जोड़ने और मृत लोगों के नाम हटाने होते हैं।

उन्होंने कहा, “लेकिन (अन्य राज्यों में) पात्र मतदाताओं के नाम भी मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। इसलिए बीएलए इस अभियान के दौरान सतर्क रहेंगे और बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) के साथ करीबी समन्वय में काम करेंगे।”

कमलेश ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की मंशा “ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाने” की है। उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में जो हुआ, उसे झारखंड में दोहराने नहीं दिया जाएगा।

एसआईआर अभियान औपचारिक रूप से 30 जून को शुरू होगा। मसौदा मतदाता सूची पांच अगस्त को जारी की जाएगी, जबकि दावे और आपत्तियां चार सितंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।

भाषा

प्रचेता पारुल

पारुल

शीर्ष 5 समाचार