झारखंड के डीजीपी ने हजारीबाग में लड़की की मौत की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया

Ads

झारखंड के डीजीपी ने हजारीबाग में लड़की की मौत की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 09:53 PM IST

हजारीबाग (झारखंड), 29 मार्च (भाषा) झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने रविवार को कहा कि हजारीबाग के बिष्णुगढ़ में 12 वर्षीय लड़की के साथ कथित बलात्कार और हत्या की त्वरित जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है।

विशेष जांच दल (एसआईटी) का नेतृत्व परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी शुभम भाऊसाहेब कर रहे हैं और इसमें बिष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस अधिकारी बैजनाथ प्रसाद और बिष्णुगढ़ पुलिस थाना प्रभारी सपन महथा शामिल हैं।

सपन इस मामले में जांच अधिकारी भी हैं।

डीजीपी ने कहा, ‘‘मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसआईटी का गठन किया गया है और उसे एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मुझे सौंपने का निर्देश दिया गया है। एसआईटी अपनी जांच के दौरान सभी पहलुओं पर गौर करेगी। हम रांची की फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट और मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।’’

पुलिस के अनुसार, लड़की 24 मार्च की रात को रामनवमी की रस्मों के तहत निकाली जाने वाली ‘मंगला’ शोभायात्रा देखने के लिए अपनी मां के साथ बिष्णुगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुसुम्बा स्थित अपने पैतृक गांव गई थी।

उसके परिवार ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि लड़की का अपहरण कर लिया गया और उसका शव 25 मार्च को गांव के एक खेत में मिला।

भाषा शफीक नरेश

नरेश