धनबाद (झारखंड), 30 अप्रैल (भाषा) झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार को सुबह एक बस और ट्रक में टक्कर हो गई, जिससे कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 36 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तोपचांची थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर यह हादसा हुआ। बस कोलकाता से बिहार के नवादा जा रही थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस की गति तेज थी, और सुबह करीब तीन बजे यह बस, सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि बस के चालक की पहचान राजबीर के रूप में हुई, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल हुए यात्रियों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
भाषा
प्रीति मनीषा
मनीषा