सरायकेला, 30 जुलाई (भाषा) झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक औद्योगिक इकाई में बृहस्पतिवार को हुए विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक शीट मेटल फैब्रिकेशन इकाई की भट्ठी (फर्नेस) में हुई।
अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में करीब छह मजदूर घायल हुए थे, जिनमें से तीन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल तीन मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया।
मुख्य उद्योग निरीक्षक मनीष कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उपचार के दौरान घायलों में से एक मजदूर ने दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश