झारखंड: रांची में बस में लगी आग, 40 से अधिक यात्री बाल-बाल बचे

झारखंड: रांची में बस में लगी आग, 40 से अधिक यात्री बाल-बाल बचे

झारखंड: रांची में बस में लगी आग, 40 से अधिक यात्री बाल-बाल बचे
Modified Date: October 25, 2025 / 08:57 pm IST
Published Date: October 25, 2025 8:57 pm IST

रांची, 25 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के रांची में शनिवार शाम एक चलती बस में आग लग गयी हालांकि इस घटना में 40 से ज्यादा यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना रांची-लोहरदगा राजमार्ग पर उस समय हुई जब बस राज्य की राजधानी से चतरा की ओर जा रही थी।

मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “बस में लगभग 45 यात्री सवार थे और मांडर बाजार के पास अचानक बस में आग लग गई।”

उन्होंने बताया, “गनीमत रही कि बस को समय पर रोक लिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल की एक गाड़ी कुछ ही देर में पहुंच गई लेकिन तब तक स्थानीय दुकानदारों ने आग बुझा दी थी। किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई और न ही सामान को कोई बड़ा नुकसान हुआ।”

अधिकारी ने बताया कि ऐसा संदेह है कि आग बैटरी बॉक्स के पास शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और बस में रखे रासायनिक घोल के कारण फैल गई। उन्होंने बताया, “बस को थाना परिसर में रखा गया है जबकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।”

पुलिस ने बताया कि बस मालिक को तलब किया गया है और उससे अग्निशामक यंत्रों सहित सुरक्षा उपायों की कमी के बारे में पूछताछ की जाएगी।

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार को बेंगलुरु जा रही एक बस में दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद आग लग गई थी, जिसमें 20 लोगों की झुलसकर मौत हो गई।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में