झारखंड: गुमला में लड़की से दुष्कर्म के आरोप में पुलिसकर्मी गिरफ्तार

Ads

झारखंड: गुमला में लड़की से दुष्कर्म के आरोप में पुलिसकर्मी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 03:40 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 03:40 PM IST

गुमला, 13 मई (भाषा) झारखंड के गुमला जिले में एक लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप में 40 वर्षीय पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता ने गुमला महिला थाने में एक शिकायत दर्ज करायी, जिसके बाद सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला थाना प्रभारी अधिकारी अंकिता कुमार ने बताया कि यह घटना 2017 में हुई थी, जब लड़की 16 वर्ष की थी। उन्होंने बताया कि 2022 में पीड़िता की शादी के बाद भी आरोपी उसके संपर्क में रहा और उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी पीड़िता को अश्लील वीडियो क्लिप का इस्तेमाल कर धमकाता था। उन्होंने बताया, “आरोपी का संपर्क लड़की से उस समय हुआ, जब पुलिसकर्मी चैनपुर थाने में तैनात था। उसने लड़की की मां से एक बीमा पॉलिसी खरीदी, जिसके बाद वह अक्सर उसके घर आने-जाने लगा।”

अंकिता ने बताया, “आरोपी पुलिसकर्मी लड़की से नियमित रूप से फोन पर बात करने लगा, वह उसे बहला-फुसलाकर और धोखे से होटल के कमरे में ले गया। होटल में पुलिसकर्मी ने लड़की से दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाया।”

अधिकारी ने बताया कि एएसआई इस समय पुलिस लाइन में तैनात है और उसके खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, आईटी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

भाषा जितेंद्र अमित

अमित