झारखंड: कोल वाशरी हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा

Ads

झारखंड: कोल वाशरी हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 06:07 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 06:07 PM IST

धनबाद, तीन मई (भाषा) भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने धनबाद जिले के मूनिडीह ‘कोल वाशरी’ में हुए हादसे में मारे गए परिजनों को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा और एक आउटसोर्स एजेंसी में नौकरी देने पर सहमति जताई है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

बीसीसीएल के महाप्रबंधक (पश्चिमी झरिया)अरिंदम मुस्तफी ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शनिवार देर रात जिला प्रशासन की उपस्थिति में बीसीसीएल, पीड़ित परिवार, निजी डिलीवरी ऑर्डर धारक (कोयले के घोल को साफ करने की जिम्मेदारी जिस कंपनी को दी गई है) और श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों के बीच एक बैठक हुई।

मुस्तफी ने बताया, ‘‘बातचीत के बाद, हम इस बात पर सहमत हुए कि पीड़ित परिवार को दो किस्तों में 20 लाख रुपये दिए जाएंगे (10 लाख रुपये बीसीसीएल द्वारा और 10 लाख रुपये डिलीवरी ऑर्डर धारक द्वारा) और पीड़ित परिवार के किसी आश्रित को आउटसोर्स एजेंसी में नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा, मृत व्यक्ति के परिवार के सदस्यों को अंतिम संस्कार के लिए 75,000 रुपये देने पर भी सहमति बनी।’’

अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उपाय सुझाने के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।

धनबाद के बीसीसीएल के मूनिडीह कोयला वाशरी में शनिवार शाम को कोयले के घोल के नीचे दबने से कम से कम चार श्रमिकों की मौत हो गई थी।

पुटकी पुलिस थाना के प्रभारी वकार हुसैन ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था, ‘‘बचाव अभियान के दौरान मलबे से चारों मजदूरों के शव निकाल लिये गए हैं।’’ मृतकों की पहचान मानिक बौरी, दिनेश बौरी, दीपक बौरी और हेमलाल गोप के रूप में हुई है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप