पाकुड़, 23 अप्रैल (भाषा) झारखंड के पाकुड़ जिले में बृहस्पतिवार को 26 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर अपनी 56 वर्षीय मां की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटे की पहचान चरण हेमब्रम उर्फ गंजा के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
उसने बताया कि यह वारदात टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के सोनाजोड़ी गांव के सोसो टोला स्थित पीड़िता के घर में घरेलू विवाद को लेकर हुए झगड़े के दौरान हुई।
पाकुड़ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसपीडीओ) दयानंद आजाद ने बताया कि कहासुनी के दौरान चरण ने धुनी हेमब्रम पर पत्थर से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
अधिकारी ने बताया कि खून से सने पत्थर को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया गया है और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा धीरज माधव
माधव