पार्टी पर बेबुनियाद आरोप लगाने वालों पर मुकदमा करने पर विचार कर रही जजपा: दिग्विजय चौटाला

Ads

पार्टी पर बेबुनियाद आरोप लगाने वालों पर मुकदमा करने पर विचार कर रही जजपा: दिग्विजय चौटाला

  •  
  • Publish Date - October 3, 2023 / 10:10 PM IST,
    Updated On - October 3, 2023 / 10:10 PM IST

चंडीगढ़, तीन अक्टूबर (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह द्वारा सहयोगी दल जननायक जनता पार्टी (जजपा) पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद इसके नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने मंगलवार को कहा कि पार्टी बिना सबूत के आरोप लगाने वाले नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने पर विचार कर रही है।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के भाई दिग्विजय सिंह चौटाला ने सिंह के आरोपों का जवाब देते हुए यहां संवाददाताओं से कहा, ‘हमारी चुप्पी को हमारी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए।’

जजपा महासचिव ने कहा कि बीरेंद्र सिंह के अलावा, कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल के नेताओं ने समय-समय पर धान घोटाला, शराब घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला और अन्य मुद्दों पर ‘निराधार आरोप’ लगाए हैं।

उन्होंने कहा, ‘हम यह सोचकर चुप रहे कि जो भी आरोप लगाएगा, वह ठोस सबूत के साथ सामने आएगा। लेकिन अब हदें पार हो गई हैं। अगले एक सप्ताह में अगर इनमें से कोई भी नेता सबूतों के साथ अपने आरोपों का समर्थन नहीं करता है, तो हम पार्टी में दुष्यंत और अजय सिंह चौटाला से ऐसे लोगों के खिलाफ अदालत जाने और मानहानि का मुकदमा दायर करने को कहेंगे।”

जजपा के साथ संबंध नहीं तोड़ने पर भाजपा छोड़ने की बीरेंद्र सिंह की धमकी पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह भाजपा से संबंधित मामला है और उन्हें इस बारे में निर्णय लेना है।

दिग्विजय ने कहा कि हालांकि बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी जींद रैली एक गैर-राजनीतिक कार्यक्रम थी, ‘लेकिन उनका एकमात्र एजेंडा दुष्यंत को निशाना बनाना था’।

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव