जुबिन गर्ग मौत मामला : हिमंत विश्व शर्मा ने सिंगापुर के कार्यवाहक उच्चायुक्त से मुलाकात की

जुबिन गर्ग मौत मामला : हिमंत विश्व शर्मा ने सिंगापुर के कार्यवाहक उच्चायुक्त से मुलाकात की

जुबिन गर्ग मौत मामला : हिमंत विश्व शर्मा ने सिंगापुर के कार्यवाहक उच्चायुक्त से मुलाकात की
Modified Date: October 15, 2025 / 07:30 pm IST
Published Date: October 15, 2025 7:30 pm IST

गुवाहाटी, 15 अक्टूबर (भाषा)असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को नयी दिल्ली में सिंगापुर की कार्यवाहक उच्चायुक्त एलिस चेंग से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने चेंग से गायक जुबिन गर्ग की मौत की जांच को आगे बढ़ाने के लिए राज्य पुलिस को सिंगापुर द्वारा पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज नयी दिल्ली में मैंने सिंगापुर की कार्यवाहक उच्चायुक्त, महामहिम एलिस चेंग से मुलाकात की।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस बैठक में, मैंने सिंगापुर के अधिकारियों की ओर से असम पुलिस को अपना पूर्ण सहयोग दिए जाने का अनुरोध दोहराया, ताकि हम जुबिन गर्ग के लिए न्याय सुनिश्चित करने के अपने प्रयासों को मुकाम तक पहुंचा सकें।’’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस मामले में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।

शर्मा का नयी दिल्ली यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम है। उनका केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मिलने का कार्यक्रम है।

मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि जुबिन गर्ग की मौत के मामले के जांचकर्ताओं को 10 अक्टूबर को विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद एक ‘‘पुख्ता दिशा’’ मिली है।

इस बीच, विशेष पुलिस महानिदेशक मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने बुधवार को बताया कि सिंगापुर के अधिकारियों ने भारतीय उच्चायोग के माध्यम से एक ईमेल भेजकर असम पुलिस के अधिकारियों और गायक की मौत के सिलसिले में द्वीपीय राष्ट्र का दौरा करने के उनके एजेंडे के बारे में जानकारी मांगी है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने पहले ही ईमेल का जवाब दे दिया है और यह बहुत सकारात्मक घटनाक्रम है।’’

गुप्ता ने कहा कि सिंगापुर के अधिकारियों को 30 सितंबर को पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (एमएलएटी) लागू करने का अनुरोध भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि बहुत जल्द हमें सिंगापुर जाने की हरी झंडी मिल जाएगी, ताकि हम वहां जांच से संबंधित अपने काम को आगे बढ़ा सकें।’’

गुप्ता ने कहा कि गायक की मौत की जांच अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है।

जुबिन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मृत्यु हो गई।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में