ड्रोन हमले में मर्चेंट नेवी अधिकारी की मौत की आशंका, कानपुर जिला प्रशासन का विदेश मंत्रालय को पत्र

ड्रोन हमले में मर्चेंट नेवी अधिकारी की मौत की आशंका, कानपुर जिला प्रशासन का विदेश मंत्रालय को पत्र

ड्रोन हमले में मर्चेंट नेवी अधिकारी की मौत की आशंका, कानपुर जिला प्रशासन का विदेश मंत्रालय को पत्र
Modified Date: July 29, 2026 / 07:49 pm IST
Published Date: July 29, 2026 7:49 pm IST

कानपुर (उप्र), 29 जुलाई (भाषा) काला सागर में एक मालवाहक पोत पर कथित ड्रोन हमले में कानपुर के एक मर्चेंट नेवी अधिकारी की मौत होने की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने घटना के सत्यापन के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिला मजिस्ट्रेट जितेंद्र प्रताप सिंह और अपर पुलिस आयुक्त विपिन टाडा समेत वरिष्ठ जिला अधिकारियों ने मर्चेंट नेवी अधिकारी सागर गुप्ता के शास्त्री नगर स्थित घर जाकर उनके परिजन से मुलाकात की।

परिवार के प्रतिवेदन पर जिला प्रशासन ने उत्तर प्रदेश सरकार के जरिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा है और इस घटना के सत्यापन तथा सूचना की पुष्टि होने पर गुप्ता का शव भारत लाए जाने के सिलसिले में सहायता मांगी है।

हालांकि, लाल ने कहा कि न तो विदेश मंत्रालय, न गृह मंत्रालय और न ही पोत कंपनी ने गुप्ता की मृत्यु या पोत पर किसी तरह के हमले की आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है।

लाल ने कहा, “प्रशासन ने अब तक परिवार द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर कार्रवाई की है। संबंधित अधिकारी तथ्यों का सत्यापन करेंगे।”

गुप्ता की पत्नी शालू गुप्ता ने अधिकारियों को बताया कि वह मुंबई स्थित ‘एवन नैवीग8ओआरजेड मरीन्स प्राइवेट लिमिटड’ में कार्यरत थे।

उन्होंने अधिकारियों को बताया कि गुप्ता 13 जून को कानपुर से मुंबई के लिए रवाना हुए थे और अगले दिन मुंबई पहुंचे थे जहां से वह 15 जून को इस्तांबुल की यात्रा पर गए थे।

शालू ने बताया कि गुप्ता ने अंतिम बार 17 जून को परिवार से बात की थी।

उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को एक सहकर्मी ने उन्हें फोन पर बताया कि जहाज पर 18 जुलाई को ड्रोन से हमला हुआ और गुप्ता की मृत्यु हो गई। भाषा सं राजेंद्र जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में