नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने सोमवार को हाल ही में हुए प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) द्वारा स्थापित कोष में एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
कॉजपा के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि केंद्र द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद देशभर में छात्रों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाने की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा दर्ज मामलों का सामना कर रहे छात्रों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए कॉजपा उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के संपर्क में है।
दास के साथ मौजूद सिब्बल ने कॉजपा को आर्थिक सहायता देने की पुष्टि की।
सिब्बल ने कहा, “मैंने कहा है कि भारत में जहां भी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन हुए हैं (चाहे वह बिहार, असम, बंगाल या महाराष्ट्र हो) और जहां छात्रों या प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाया गया है, वहां सरकारों द्वारा दर्ज किए गए कानूनी मामलों पर नजर रखने के लिए हमने एक व्यवस्था बनाने का फैसला किया है, ताकि हमारे वकील उन्हें कानूनी मदद दे सकें।”
उन्होंने कहा, “हमारी मांग है कि किसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की जानी चाहिए थी और यदि दर्ज की गई हैं तो उन्हें वापस लिया जाना चाहिए।”
सिब्बल ने कहा, “मेरी ओर से मैंने इस कोष में एक करोड़ रुपये का योगदान दिया है। मैं देशभर के अधिवक्ताओं से भी अपील करता हूं कि वे इस कोष में योगदान देकर प्रभावित होने वालों की सहायता करें। हमारे वकील कानून के कथित दुरुपयोग से प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं।”
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत