ओडिशा के कंधमाल में मेडिकल कॉलेज का नाम दिवंगत विहिप नेता के नाम पर रखा जाएगा

Ads

ओडिशा के कंधमाल में मेडिकल कॉलेज का नाम दिवंगत विहिप नेता के नाम पर रखा जाएगा

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 12:48 AM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 12:48 AM IST

भुवनेश्वर, 27 जुलाई (भाषा) ओडिशा सरकार ने सोमवार को निर्णय लिया कि कंधमाल जिले के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का नाम विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के दिवंगत नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के नाम पर रखा जाएगा। सरस्वती की वर्ष 2008 में हत्या कर दी गई थी।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके द्वारा स्थापित जलेशपटा आश्रम के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री विशेष सहायता कोष से 13 करोड़ रुपये मंजूर करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी।

स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती और उनके चार सहयोगियों की 23 अगस्त 2008 को कंधमाल जिले के जलेशपटा आश्रम में जन्माष्टमी समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद व्यापक हिंसा भड़क गई थी, जिसमें 40 लोगों की मौत हुई थी।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया, “कंधमाल के स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने तथा जिले के आदिवासी समुदाय के लिए उनकी सेवा और बलिदान के सम्मान में मुख्यमंत्री माझी ने फुलबनी स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का नाम उनके नाम पर रखने का निर्णय लिया है।”

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत