शुभेंदु से मिले सुदीप बंदोपाध्याय, एनसीपीआई सांसदों को राजग की बैठक का न्योता

Ads

शुभेंदु से मिले सुदीप बंदोपाध्याय, एनसीपीआई सांसदों को राजग की बैठक का न्योता

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 12:58 AM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 12:58 AM IST

कोलकाता, 27 जुलाई (भाषा) लोकसभा सदस्य सुदीप बंदोपाध्याय ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बंद कमरे में बैठक की। यह बैठक एनसीपीआई सांसदों के नयी दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक में शामिल होने से एक दिन पहले हुई।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के कुछ हफ्ते बाद, ममता बनर्जी की पार्टी से अलग होकर कम चर्चित ‘नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (एनसीपीआई) में शामिल होने वाले तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों में बंदोपाध्याय भी शामिल हैं।

सोमवार शाम को राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में हुई एक घंटे की बैठक और भी अहम हो जाती है क्योंकि भाजपा सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी ने आखिरी समय पर राष्ट्रीय राजधानी का अपना दौरा रद्द कर दिया।

बंदोपाध्याय और अधिकारी के बीच हुई बातचीत के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने एनसीपीआई के कुछ वरिष्ठ सांसदों से फोन पर बात की और बताया कि कुछ कारणों से वह दिल्ली नहीं जा पाएंगे।

तृणमूल कांग्रेस के कई पूर्व सांसद, जो बाद में एनसीपीआई में शामिल हो गए थे, के बयानों के आधार पर यह खबर आई थी कि अधिकारी दिल्ली में 20 बागी सांसदों से मिलने वाले थे।

प्रस्तावित बातचीत ने संसदीय समूह के भविष्य को लेकर अटकलों को हवा दी, जिसमें भाजपा के साथ उसके और करीब आने की संभावना भी शामिल है।

एनसीपीआई के एक वरिष्ठ सांसद ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि अधिकारी और पार्टी सांसदों के बीच होने वाली बैठक टाल दी गई है और सांसद तय कार्यक्रम के अनुसार राजग की बैठक में शामिल होंगे।

भाषा प्रशांत आशीष

आशीष