बेंगलुरु, 22 फरवरी (भाषा) कर्नाटक में ठेकेदार से कथित तौर पर पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए भाजपा विधायक डॉ. चंद्रू लमानी को तीन मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, शिरहट्टी से विधायक लमानी को शनिवार रात गडग से बेंगलुरु लाया गया और उन्हें विशेष सांसद/विधायक अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उन्हें तीन मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गडग जिले के चिंचाली निवासी ठेकेदार विजय पुजार की शिकायत के बाद लोकायुक्त अधिकारियों ने विधायक को कथित तौर पर रिश्वत लेते पकड़ा था।
लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि कथित रिश्वत सिंचाई विभाग के कार्यों से संबंधित थी। उन्होंने कहा कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से परियोजना के एवज में 11 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से पांच लाख रुपये रिश्वत के तौर पर लेते हुए आरोपी विधायक को पकड़ा गया।
लमानी के साथ-साथ उनके निजी सहायक मंजूनाथ वाल्मीकि और गुरु नाइक को भी इस मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल