हुबली (कर्नाटक), तीन अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के हुबली में एक लड़की के साथ प्रेम संबंध रखने की वजह से एक जिम ट्रेनर को एक समूह ने शुक्रवार को उठा लिया और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ दुष्कर्म और भयादोहन (ब्लैकमेल) के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
बीस-वर्षीय लड़की ने एक वीडियो बयान जारी कर आरोप लगाया है कि जिम ट्रेनर समीर मुल्ला (23) उसे अपने घर ले गया, वहां शराब पिलाई और उससे दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार, लड़की ने आरोप लगाया कि समीर ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसका इस्तेमाल उसे ब्लैकमेल करने के लिए किया।
पुलिस ने कहा कि इस संबंध में जांच शुरू कर दी गई है और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
यह घटना ओल्ड हुबली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।
शहर के पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘शिकायत मिली है और हम प्राथमिकी दर्ज कर रहे हैं। तदनुसार, मामले की जांच की जाएगी। इसके अलावा, दो से तीन संबंधित घटनाएं भी सामने आई हैं तथा इन मामलों को संबंधित क्षेत्राधिकार वाले थानों में दर्ज किया जा रहा है।’’
शशिकुमार ने आरोपों के बारे में कहा कि लड़की के माता-पिता ने बताया कि उसके (लड़की के) साथ उत्पीड़न हुआ और उसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो ब्लैकमेल के लिए इस्तेमाल की गईं।’’
इससे पहले शशिकुमार ने कहा था कि यह घटना दो परिवारों के बीच व्यक्तिगत विवाद से उपजी थी और इसका ‘लव जिहाद’ से कोई संबंध नहीं था।
शशिकुमार के अनुसार, सुबह आठ से नौ बजे के बीच कुछ लोग युवक के घर गए और उनके बीच झड़प हो गई।
उन्होंने बताया कि झड़प के दौरान युवक को वहां से उठा लिया गया और बाद में थाने लाया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘पता चला कि यह मामला युवक और लड़की के बीच प्रेम संबंध से जुड़ा था। लड़की के परिवार वाले उस व्यक्ति को धमकाने आए थे।”
उन्होंने कहा, ‘‘दोनों जगहों पर कुछ झड़प हुई। जिम ट्रेनर को बचा लिया गया है और उसकी चोटों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।’
पुलिस आयुक्त ने हिंदुत्व संगठनों द्वारा इसे ‘लव जिहाद’ करार दिए जाने पर कहा कि यह एक व्यक्तिगत विवाद था।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए यह एक आपराधिक मामला है और हम तदनुसार इसकी जांच करेंगे।’ उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
समीर की बहन तैसीम मुल्ला ने आरोप लगाया कि उसके भाई को जबरन उठा लिया गया और एक समूह द्वारा उससे मारपीट की गई। उसने इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिम ट्रेनर के परिवार की ओर से भी पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई गयी है।
उसने दावा किया कि परिवार समीर को लगभग दो घंटे तक खोज नहीं पाया। उसके मुताबिक, बाद में उसे ढूंढा जा सका तथा जख्मों के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उसके अनुसार, समीर और लड़की पिछले तीन साल से रिश्ते में थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि घटना से पहले दोनों की तस्वीरें और वीडियो एक ग्रुप में प्रसारित किए गए।
‘लव जिहाद’ के आरोपों का खंडन करते हुए जिम ट्रेनर की बहन ने कहा कि परिवार सभी धर्मों का सम्मान करता है और वह अपने भाई के लिए केवल न्याय चाहती है।
‘लव जिहाद’ शब्द का उपयोग दक्षिणपंथी समूह मुस्लिम पुरुषों द्वारा हिंदू महिलाओं को प्रेम संबंधों और विवाह के जाल में फंसाकर उन्हें इस्लाम में परिवर्तित करने की साजिश का आरोप लगाने के लिए किया जाता है।
अपने वीडियो बयान में लड़की ने कहा कि वह तैसीम की दोस्त थी और उसने जन्मदिन और सप्ताहांत की पार्टियों समेत कई कार्यक्रमों में भाग लिया था, जहां समीर भी मौजूद था।
अस्पताल में इलाज करा रहे समीर ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने मुझे बेरहमी से पीटा। वे मुझे पीटते रहे और मुझे अपने साथ ले गए। उन्होंने मुझे झूठा बयान देने के लिए मजबूर किया कि मैं ‘लव जिहाद’ में शामिल था।’’
भाषा यासिर सुरेश
सुरेश