कश्मीर: पुलिसकर्मी की हत्या मामले में वांछित आतंकी पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित

Ads

कश्मीर: पुलिसकर्मी की हत्या मामले में वांछित आतंकी पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 07:45 PM IST

श्रीनगर, पांच अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर पुलिस ने अनंतनाग जिले में पिछले महीने एक पुलिसकर्मी की हत्या में कथित रूप से शामिल लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले को 15 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।

पुलिस ने कश्मीर में प्रमुख स्थानों पर भट के पोस्टर लगाए हैं और उसके बारे में विश्वसनीय जानकारी देने की अपील की है। भट कुलगाम का रहने वाला है और आरोप है कि उसने 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक में हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने 22 साल के भट की तस्वीरें जारी की हैं। ये तस्वीरें सीसीटीवी फुटेज से ली गई हैं और भीड़-भाड़ वाले बाजार में एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद की हैं।

एक अन्य घटना में 31 जुलाई को कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश