तिरुवनंतपुरम, 28 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन से एक बार फिर सोमवार को कहा कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगने को कहें, अन्यथा ‘‘धोखेबाज कहे जाने के लिए तैयार रहें।’’
चंद्रशेखर ने एक दिन पहले फेसबुक और ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री से कहा था कि यदि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘देशद्रोही’’ कहने और निर्वाचन आयोग (ईसी) के बारे में झूठ बोलने के लिए राहुल से माफी मंगवा दें, तो वह लोकसभा में विपक्ष के नेता को ‘‘धोखेबाज’’ कहना बंद कर देंगे।
उन्होंने सोमवार को फेसबुक और ‘एक्स’ पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी यह ‘‘पेशकश’’ फिर दोहराई।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के लिए मेरी पेशकश यह है। यदि आप मेरी पेशकश स्वीकार नहीं करते हैं, बल्कि झूठ, अधूरे वादों, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण को अपनी राजनीतिक रणनीति के रूप में इस्तेमाल करते रहते हैं, तो खुद को धोखेबाज कहे जाने के लिए तैयार रहें। हर बार।’’
नेमोम से विधायक चंद्रशेखर ने यह ‘‘पेशकश’’ पहली बार तब की थी, जब सतीशन ने राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेता की कुछ टिप्पणियों की आलोचना की थी और कहा था कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ व्यक्तिगत तथा अपमानजनक टिप्पणियां राजनीतिक आलोचना नहीं हैं।
सतीशन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन आयोग के भीतर मतभेदों की खबरों पर चंद्रशेखर की प्रतिक्रिया की भी आलोचना की थी।
मुख्यमंत्री को जवाब देते हुए भाजपा विधायक ने कहा था कि वह राजनीतिक विरोधियों पर व्यक्तिगत हमले बहुत कम करते हैं, लेकिन राहुल के मामले में ऐसा करने के लिए ‘‘मजबूर’’ हुए।
उन्होंने प्रधानमंत्री और निर्वाचन आयोग के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणियों की भी आलोचना की और कहा कि वास्तव में निंदा उन टिप्पणियों की की जानी चाहिए।
चंद्रशेखर ने कहा था, ‘‘मैं वादा करता हूं कि अगर आप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘देशद्रोही’ कहने और निर्वाचन आयोग के बारे में झूठ बोलने के लिए राहुल से माफी मंगवा दें तो मैं उन्हें ‘धोखेबाज’ कहना बंद कर दूंगा।’’
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी