नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) दिल्ली में सोमवार को सुबह मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के मुताबिक, रिज क्षेत्र में शहर का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद पालम में 20.4 डिग्री, अयानगर में 21.9 डिग्री और लोधी रोड में 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सफदरजंग में रविवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम था। पिछले 24 घंटे में मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज नहीं की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही और औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 56 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
आईएमडी ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
भाषा वैभव
वैभव