कोझिकोड (केरल), 20 जुलाई (भाषा) कोझिकोड जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के प्रवीण कुमार ने सोमवार को आरोप लगाया कि पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल को एक सुनियोजित साइबर अपराध के जरिये निशाना बनाया जा रहा है और उन्होंने इसकी विस्तृत जांच की मांग की।
कांग्रेस विधायक कुमार ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि कुछ निहित स्वार्थ वाले लोग जानबूझकर वेणुगोपाल का नाम ऐसे मामलों में शामिल कर रहे हैं, जिनसे उनका कोई लेना-देना नहीं है, ताकि उनकी छवि खराब की जा सके।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘ऐसे मामलों में भी, जिनका वेणुगोपाल से कोई लेना-देना नहीं है, उनका नाम बेवजह शामिल किया जा रहा है। केरल में हालात ऐसे हो गए हैं कि अगर कोई हाथी बेकाबू हो जाए या अर्जेंटीना फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल हार जाए, तो भी वेणुगोपाल को ही दोषी ठहराया जाता है।’’
कुमार ने इस साइबर अभियान के पीछे एक ‘‘गिरोह’’ के होने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें शामिल लोग कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि वे अपने निहित स्वार्थ के लिए काम कर रहे हैं।
कुमार ने कहा कि वेणुगोपाल ने कांग्रेस को मजबूत करने और विधानसभा चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस साइबर अभियान का मकसद उन उपलब्धियों को मिटाना और उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाना है।
कुमार ने कहा कि शिकायत में इस अभियान में कथित तौर पर शामिल कुछ सोशल मीडिया खातों की जानकारी दी गई है और इनमें से कुछ में कांग्रेस के नाम के इस्तेमाल वाली फर्जी प्रोफाइल पाई गई है।
उन्होंने सरकार से इस अभियान के पीछे मौजूद लोगों की पहचान करने और एक विस्तृत जांच के जरिये उन्हें सजा दिलाने की मांग की।
भाषा सुभाष पारुल
पारुल