त्रिशूर (केरल), 22 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केरल विधानसभा चुनाव में गुरुवायूर से पार्टी उम्मीदवार बी गोपालकृष्णन के खिलाफ एक प्रचार वीडियो में कथित तौर पर सांप्रदायिक टिप्पणी करने के मामले में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गुरुवायूर निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव अधिकारी की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि गोपालकृष्णन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 125 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बीएनएस की धारा 192 जानबूझकर दंगा भड़काने के इरादे से उकसाने से जुड़ी है जबकि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 125 चुनाव के संबंध में वर्गों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने से जुड़ी है।
सूत्रों ने बताया कि निर्वाचन आयोग के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि आपत्तिजनक टिप्पणियों वाले वीडियो को हटाने के लिए पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ को निर्देश दे दिए गए हैं।
यह घटनाक्रम चुनाव गोपालकृष्णन द्वारा कथित तौर पर की गई टिप्पणियों को लेकर पैदा हुए राजनीतिक विवाद के बीच आया है। राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)और विपक्षी कांग्रेस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग से संपर्क किया था।
कांग्रेस से संबद्ध छात्र संगठन ‘केरल स्टूडेंट्स यूनियन’ (केएसयू) ने भी गुरुवायूर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार बी गोपालकृष्णन की कथित सांप्रदायिक टिप्पणी के खिलाफ केरल उच्च न्यायालय का रुख किया है।
केएसयू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और कथित तौर पर सांप्रदायिक टिप्पणी करने के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए कथित विवादास्पद टिप्पणी के संबंध में जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी।
यह विवाद एक चुनाव प्रचार वीडियो से संबंधित है जिसमें गोपालकृष्णन कथित तौर पर यह कहते सुनाई देते हैं कि इस निर्वाचन क्षेत्र ने करीब पांच दशक से किसी हिंदू विधायक को नहीं चुना है और वाम मोर्चा एवं कांग्रेस नीत मोर्चा- दोनों ने ही इस समुदाय से उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।
गोपालकृष्णन ने वीडियो में कथित तौर पर कहा कि गुरुवायूर एक अंतरराष्ट्रीय तीर्थ केंद्र है और ‘‘भगवान गुरुवायूरप्पन की भूमि’’ पिछले पांच दशक से ‘‘मंदिर चोरों’’ के हाथ में है।
उन्होंने वीडियो में कथित तौर पर कहा, ‘‘अब तक गुरुवायूर में कोई हिंदू विधायक क्यों नहीं है?’’
केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन ने उनकी कथित टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें इस पर कोई हैरानी नहीं हुई, क्योंकि भाजपा के नेता हमेशा धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश करके वोट हासिल करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि केरल सांप्रदायिक सौहार्द के लिए जाना जाता है और यही वजह है कि मुस्लिम बहुल पोनानी जैसे निर्वाचन क्षेत्रों से हिंदू समुदाय के विधायक चुने गए जबकि गुरुवायूर जैसे क्षेत्रों ने कई बार मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों को विधायक के रूप में चुना।
उन्होंने कोच्चि में संवाददाताओं से कहा, ‘‘उनके खिलाफ निर्वाचन आयोग को कार्रवाई करनी चाहिए। हमने इस संबंध में पहले ही शिकायत दर्ज करा दी है।’’
माकपा के त्रिशूर जिला सचिव अब्दुल खादेर ने भी आरोप लगाया कि गोपालकृष्णन की टिप्पणियों का उद्देश्य लोगों के बीच विभाजन पैदा करना है। उन्होंने कहा कि गुरुवायूर मंदिर नगर के विकास में भाजपा की कोई भूमिका नहीं रही है।
उन्होंने कहा कि कथित सांप्रदायिक टिप्पणियों को लेकर निर्वाचन आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
खादेर ने कहा कि गुरुवायूर का विकास मुख्य रूप से धर्मनिरपेक्ष दलों ने किया है और उन्होंने भाजपा पर चुनाव से पहले विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री और त्रिशूर से सांसद सुरेश गोपी के योगदान पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि उन्होंने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में गुरुवायूर मंदिर के विकास के लिए कौन-सी पहल की है।
केएसयू के त्रिशूर जिला इकाई अध्यक्ष गोकुल गुरुवायूर ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि केरल उच्च न्यायालय में एक रिट याचिका दायर करके उम्मीदवार को अयोग्य ठहराने समेत अन्य कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी, जिला पुलिस प्रमुख, राज्य निर्वाचन प्राधिकारियों और गुरुवायूर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को शिकायतें सौंपी गई हैं। इनमें आरोप लगाया गया है कि ये टिप्पणियां मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने के उद्देश्य से की गईं।
इन आरोपों पर भाजपा नेता ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इस बीच, मुख्य निर्वाचन अधिकारी केलकर ने मीडिया से कहा कि जिलाधिकारी से रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
केलकर ने कहा, ‘‘हमारी मीडिया टीम को उक्त वीडियो मिला है। जिलाधिकारी की रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’ उन्होंने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों से शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने दोहराया कि सभी राजनीतिक दलों को आदर्श आचार संहिता के लागू होने के बाद उसका पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाषा धीरज रंजन
रंजन