शबरिमला से जुड़े मुद्दे पर केरल सरकार ‘लुका-छिपी’ का खेल खेल रही: चेन्निथला
शबरिमला से जुड़े मुद्दे पर केरल सरकार ‘लुका-छिपी’ का खेल खेल रही: चेन्निथला
कोच्चि, 29 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने रविवार को आरोप लगाया कि केरल सरकार शबरिमला मंदिर से जुड़े मुद्दों पर “लुका-छिपी” का खेल खेल रही है।
यहां संवाददाता सम्मेलन में चेन्निथला ने संवाददाताओं से कहा कि शबरिमला सोना गायब होने के मामले में आरोपी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेताओं को अब भी संरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “इन नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बजाय, पयन्नूर में शहीदों के लिए चंदा जुटाने में कथित भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने वाले वी. कुन्हीकृष्णन को ही पार्टी से बाहर कर दिया गया। यह उनकी दोहरी नीति को दर्शाता है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में शामिल नेताओं को बचाने के साथ-साथ जांच को भटकाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “चोरी हुआ सोना कहां है? सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं है।”
चेन्निथला ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शबरिमला में उन महिलाओं का प्रवेश लागू किया जो रजस्वला आयु वर्ग की हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा, “शबरिमला में महिलाओं के प्रवेश की अनुमति देकर उन्होंने (विजयन ने) खुद को सुधारवादी नेता के रूप में प्रस्तुत किया और आज भी उसी रुख पर कायम हैं।”
उन्होंने कहा कि जहां देवस्वओम मंत्री श्रद्धालुओं के साथ खड़े होने का दावा करते हैं, वहीं मुख्यमंत्री ऐसा रुख बनाए हुए हैं जो श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ‘वैश्विक अय्यप्पा सम्मेलन’ के आयोजन में सात करोड़ रुपये का दुरुपयोग हुआ और इसके खर्च का ब्योरा अब तक केरल उच्च न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया गया है।
प्रश्नों के जवाब में चेन्निथला ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर मोर्चे के भीतर किसी भी मतभेद से इनकार किया और कहा कि यह निर्णय चुनाव के बाद सामूहिक रूप से लिया जाएगा।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि

Facebook


