केरल की श्रम मंत्री बड़े पैमाने पर छंटनी के मुद्दे पर करेंगी अमेरिकी कंपनी से बातचीत

Ads

केरल की श्रम मंत्री बड़े पैमाने पर छंटनी के मुद्दे पर करेंगी अमेरिकी कंपनी से बातचीत

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 09:08 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 09:08 PM IST

तिरुवनंतपुरम, पांच जुलाई (भाषा) अमेरिका की एक आईटी कंपनी के कोच्चि एवं कोझिकोड़ कार्यालयों से करीब 850 कर्मियों की कथित छंटनी के मुद्दे के समाधान में केरल सरकार के जुटे रहने के बीच राज्य की श्रम मंत्री बिंदु कृष्णा ने रविवार को कहा कि वह कंपनी के प्रबंधन के साथ बातचीत करेंगी।

कृष्णा ने पत्रकारों से कहा कि वह कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत करने के लिए 10 जुलाई को कोच्चि जायेंगी।

‘मेडिकल कोडिंग’ का काम करने वाले लगभग 850 कर्मचारियों को कथित तौर पर शुक्रवार को बिना किसी पूर्व सूचना के नौकरी से निकाल दिया गया।

मंत्री ने कहा कि बातचीत के शुरुआती दौर में कंपनी ने सरकार को आश्वासन दिया था कि छंटनी को फिलहाल रोक दिया जाएगा और सोमवार को आगे बातचीत होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, उस बातचीत के होने से पहले ही कंपनी ने कर्मचारियों के बैंक खातों में दो महीने की तनख्वाह जमा कर दी। इससे यह धारणा बनी कि कंपनी ने छंटनी निलंबित करने के अपने वादे को पूरा नहीं किया।’’

कृष्णा ने कहा कि शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के कारण, श्रम आयुक्त को सोमवार को आगे की बातचीत की अगुवाई करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘श्रम आयुक्त सोमवार को कोच्चि पहुंचेंगे। इस बीच, श्रम विभाग प्रबंधन के लगातार संपर्क में है।’’

मंत्री ने कहा कि सरकार ने बातचीत में कंपनी के अमेरिकी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी पर ज़ोर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘वे 10 जुलाई या उसके बाद आने को तैयार हो गए हैं। मैं खुद 10 जुलाई को कोच्चि जाऊंगी और कंपनी के बड़े अधिकारियों से बातचीत करूंगी।’’

राज्य सरकार द्वारा दखल न देने के आरोपों को खारिज करते हुए कृष्णा ने कहा कि सरकार मजदूरों के साथ मज़बूती से खड़ी है और यह भी सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि केरल में उद्योग चलते रहें।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश