केरल: मकान ढहने से आदिवासी बच्चों की मौत मामले में मंत्री ने जांच के आदेश दिये
केरल: मकान ढहने से आदिवासी बच्चों की मौत मामले में मंत्री ने जांच के आदेश दिये
तिरुवनंतपुरम, 10 नवंबर (भाषा) केरल के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ओ आर केलू ने पालक्काड में हाल ही में एक निर्माणाधीन मकान की ‘शेड’ गिरने से हुई दो बच्चों की मौत के मामले में विभागीय जांच के आदेश दिये हैं।
उन्होंने कहा कि यदि इस त्रासदी का कारण संबंधित अधिकारियों की लापरवाही पाई गई, तो कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
करुवारा बस्ती के रहने वाले दो आदिवासी भाई-बहन, आदी (7) और अजनेश (4) जब खेल रहे थे, तभी वहां मौजूद एक निर्माणाधीन मकान की ‘शेड’ उनके ऊपर गिरी, जिससे उनकी मौत हो गई।
बच्चों की मां ने कहा था कि उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल वाहन उपलब्ध होता, तो कम से कम एक बच्चे की जान बच सकती थी।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना के संबंध में अब कई बातें सामने आ रही हैं।
केलू ने मीडिया से कहा, ‘आरोप है कि अट्टापडी में एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना (आईटीडीपी) के अधिकारियों ने घर के निर्माण पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।’
मंत्री के अनुसार, यह आरोप लगाया गया था कि यदि बच्चों को तत्काल वाहन उपलब्ध हो जाता, तो उनकी जान बचाई जा सकती थी।
उन्होंने कहा, ‘इस संबंध में अट्टापडी के आईटीडीपी अधिकारी से एक रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलते ही हमें घटना के बारे में स्पष्ट रूप से पता चल जाएगा।’
भाषा
प्रचेता दिलीप
दिलीप

Facebook


