खादर ने विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों को रात्रिभोज पर बुलाया, मंत्री पद मिलने की अटकलें तेज

Ads

खादर ने विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों को रात्रिभोज पर बुलाया, मंत्री पद मिलने की अटकलें तेज

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 08:35 PM IST

बेंगलुरु/मंगलुरु, दो जून (भाषा) कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष यूटी खादर ने विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को मंगलवार को रात्रिभोज पर आमंत्रित किया है, जिससे उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाले नये मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं।

कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार तीन जून को लोक भवन परिसर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ राज्य मंत्रिपरिषद के नये सदस्य भी शपथ ग्रहण करेंगे।

विधानसभा सचिवालय ने एक परिपत्र में कहा, “कर्नाटक विधानसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचित किया जाता है कि विधानसभा अध्यक्ष यूटी खादर ने मंगलवार दो जून को शाम छह बजे ‘विधान सौध’ के भोजन कक्ष में रात्रिभोज का आयोजन किया है।”

हालांकि, इससे पहले मंगलुरु में संवाददाताओं से बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि उन्हें उन खबरों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, जिनमें संकेत दिया गया है कि खादर को नये मंत्रिपरिषद में शामिल किया जा सकता है।

कुछ खबरों में यह भी कहा गया है कि खादर उपमुख्यमंत्री बनने की दौड़ में शामिल हैं।

खादर ने कहा था कि उन्होंने सिर्फ इस तरह की खबरें देखी हैं, लेकिन उन्हें इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था, “मैं विधानसभा अध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे रहा हूं और मुझे किसी विशेष पद की कोई आकांक्षा नहीं है। जिम्मेदारियों से संबंधित कोई भी निर्णय पूरी तरह से पार्टी आलाकमान पर निर्भर करता है।”

भाषा पारुल धीरज

धीरज