खरगे 29 जनवरी को भुवनेश्वर में रैली को संबोधित करेंगे

Ads

खरगे 29 जनवरी को भुवनेश्वर में रैली को संबोधित करेंगे

  •  
  • Publish Date - January 28, 2024 / 11:39 AM IST,
    Updated On - January 28, 2024 / 11:39 AM IST

भुवनेश्वर, 28 जनवरी (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 29 जनवरी को भुवनेश्वर में एक रैली को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शरत पटनायक ने शनिवार को कहा कि खरगे के ओडिशा दौरे को ‘‘बड़ी सफलता’’ बनाने के लिए पार्टी तमाम प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि ओडिशा बचाओ सम्मेलन शहर के ‘लोअर पीएमजी स्क्वायर’ में आयोजित किया जाएगा।

पटनायक ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में खरगे के पहली बार राज्य में आने से चुनाव प्रचार अभियान के पूर्ण रूप से शुरू होने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश पैदा होने की उम्मीद है।

उन्होंने दावा किया कि राज्य में राजनीतिक स्थिति कांग्रेस के लिए ‘‘अनुकूल’’ है क्योंकि सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों ‘‘साथ मिलकर काम कर रहे हैं’’।

यह भी दावा किया कि चूंकि बीजद और भाजपा दोनों एक साथ हैं, इसलिए कांग्रेस यहां अकेली विपक्षी पार्टी है।

पटनायक ने कहा, ‘‘खरगे जी यह बताने आ रहे हैं कि बीजद और भाजपा दोनों को कैसे हराया जाए और ओडिशा के राजनीतिक परिदृश्य को कैसे बदला जाए।’’

उन्होंने कहा कि रैली को संबोधित करने के अलावा, खरगे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) के अन्य घटक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

पटनायक ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ओडिशा में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के मार्ग के बारे में राज्य के पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे और इसकी तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी