खेड़ा को असम के मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी के विरूद्ध ‘फर्जी’ आरोप लगाने के परिणाम भुगतने होंगे:प्रसाद

Ads

खेड़ा को असम के मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी के विरूद्ध ‘फर्जी’ आरोप लगाने के परिणाम भुगतने होंगे:प्रसाद

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 07:41 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को पवन खेड़ा के खिलाफ असम पुलिस के कदम को ‘प्रतिशोध की कार्रवाई’ करार देने को लेकर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी दल के नेता को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनकी पत्नी के खिलाफ ‘फर्जी’ आरोप लगाने के लिए परिणाम भुगतने ही होंगे।

शर्मा की पत्नी द्वारा खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किये जाने के बाद असम पुलिस की एक टीम दिल्ली में उनके (खेड़ा के) आवास पर उनसे पूछताछ करने के लिए पहुंची।

खेड़ा ने आरोप लगाया था कि शर्मा की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं और मुख्यमंत्री ने उनकी संपत्तियों के बारे में जानकारी छिपाई थी।

वरिष्ठ भाजपा नेता रवि शंकर प्रसाद ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों द्वारा इस मुद्दे पर पूछे जाने कहा, ‘‘उन्होंने (शर्मा दंपति ने) पुलिस से संपर्क किया है। पुलिस अपना काम कर रही है।’’

प्रसाद ने कहा कि खेड़ा ने मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के खिलाफ ‘स्पष्ट रूप से झूठे’ आरोप लगाए हैं और अब जब पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है तो वह ‘भाग रहे हैं।’

पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कांग्रेस ने इसे ‘प्रतिशोध की कार्रवाई’ करार दिया तथा आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को कुचलने के लिए राज्य की मशीनरी का दुरूपयोग किया जा रहा है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जनहित में बुनियादी सवाल पूछने पर मेरे सहयोगी पवन खेड़ा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधिकारियों की पूरी फौज की तैनाती यह साबित करती है कि असम के मुख्यमंत्री हताश और परेशान हैं।’’

हालांकि, प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी के खिलाफ ‘झूठे आरोप’ लगाने को लेकर खेड़ा को भागने के बजाय परिणाम भुगतने चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि आप मुख्यमंत्री की पत्नी की राष्ट्रीयता संबंधी साख पर झूठे आरोप लगाते हैं, तो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने कहा, ‘‘उन्होंने पुलिस से संपर्क किया है। पुलिस अपना काम कर रही है… जब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है तो अब आप क्यों भाग रहे हैं? इसका सामना कीजिए।’’

रविवार को खेड़ा ने आरोप लगाया था कि शर्मा की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं और उन्होंने उनकी संपत्तियों के बारे में जानकारी छिपाई है।

लेकिन भाजपा नेता शर्मा ने इन आरोपों को ‘दुर्भावनापूर्ण’ और ‘मनगढ़ंत’ करार दिया एवं 48 घंटों के भीतर कानूनी कार्रवाई करने की कसम खाई।

दिल्ली में खेड़ा के घर के बाहर असम पुलिस के उपायुक्त (डीसीपी) देबोजीत नाथ ने पत्रकारों से कहा कि खेड़ा अपने घर पर नहीं मिले। हालांकि, उन्होंने बताया कि तलाशी ली गई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए।

उन्होंने कहा कि कुछ ‘अभियोजनयोग्य सामग्री’ मिली है, लेकिन इस स्तर पर इसका विवरण प्रकट नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी के अपराध शाख थाने में मामला दर्ज किया गया है।

कांग्रेस ने सोमवार को निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराकर शर्मा की उम्मीदवारी रद्द करने की भी मांग की। पार्टी ने कहा है कि शर्मा ने चुनाव हलफनामे में अपनी पत्नी की कथित विदेशी संपत्तियों का उल्लेख नहीं किया है।

भाषा राजकुमार वैभव

वैभव