रायपुर। साल 2019 का पहला सूर्य ग्रहण पहले ही हफ्ते में देखने को मिलने वाला है। रविवार 6 जनवरी को आंशिक सूर्य ग्रहण होने वाला है। हालांकि यह सूर्यग्रहण भारत में नहीं दिखेगा, लेकिन आपको बिल्कुल भी निराश होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि कोई भी ग्रहण अकेला नहीं आता, ग्रहण का भी एक तरह का मौसम होता है। कम से कम दो ग्रहण आसपास ही पड़ते हैं, कई बार यह तीन-चार तक भी पहुंच जाते हैं।
पढ़ें- अजय चंद्राकर को हाईकोर्ट से राहत, आय से अधिक संपत्ति मामले की याचिक..
रविवार के दिन जब आप छुट्टी के मूड में होंगे उसी दिन चंद्रमा हमारी पृथ्वी और सूर्य के बीच आ जाएगा। चंद्रमा के इस तरह बीच में आने से धरती पर उसकी छाया पड़ेगी, जिसे ग्रहण कहा जाता है। हालांकि, यह आंशिक सूर्य ग्रहण है और भारत में आप इसे नहीं देख पाएंगे। अगर आप इस आंशिक सूर्य ग्रहण को देखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको उत्तर-पूर्वी एशिया और उत्तरी पैसिफिक देशों का रुख करना होगा। यानि जापान, कोरिया, मंगोलिया, ताइवान और रूस व चीन के पूर्वी छोर के अलावा अमेरिका के पश्चिमी हिस्से में भी यह ग्रहण दिखेगा। बीजिंग में सूर्य का 20 फीसद हिस्सा, टोक्यों में 30 फीसद और व्लादिवोस्टक में 37 फीसद हिस्सा चंद्रमा के पीछे छिप जाएगा। भारतीय समयानुसार ग्रहण सुबह 5.04 बजे पर शुरू होगा और 9.18 बजे खत्म हो जाएगा।
पढ़ें- गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का बयान- शोबाजी नहीं चलेगी, खत्म होगा वीआईपी कल्चर
सालभर में कई चंद्र ग्रहण भी देखने को मिलेंगे। साल के पहले महीने में ही पूर्ण चंद्र ग्रहण देखने को मिलेगा। 20-21 जनवरी को पूर्ण चंद्र ग्रहण के भी आप गवाह बन सकते हैं। हालांकि यह चंद्र ग्रहण भी भारत में नहीं दिखेगा। अगर आप भारत में रहकर चंद्र ग्रहण देखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको 16-17 जुलाई तक इंतजार करना पड़ेगा। ग्रीष्म ऋतु में पड़ने वाला यह चंद्र ग्रहण आंशिक ही होगा। भारतीय समयानुसार दिल्ली में यह देर रात 00:13:51 बजे शुरू होगा और सुबह 05:47:38 बजे खत्म होगा।
पढ़ें- रायपुर से गुजरने वाली चार ट्रेनें रहेंगी रद्द, रायपुर-टीटलागढ़ रूट …
अगर आप भारत में सूर्य ग्रहण देखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको साल के अंत तक इंतजार करना पड़ेगा। साल के अंत में यानि 26 दिसंबर को भारत में आंशिक सूर्य ग्रहण देखने को मिलेगा। यह सूर्य ग्रहण 2 घंटे, 40 मिनट और 6 सेकेंड तक चलेगा। अगर साल के अंत में मौसम ठीक-ठाक रहा तो आप इस सूर्य ग्रहण को देख भी पाएंगे। इस ग्रहण की शुरुआत सुबह 8.17 बजे होगी और 10.57 बजे सूर्य ग्रहण खत्म होगा। ग्रहण सुबह 9.30 बजे अपने चरम पर होगा। यह साल का तीसरा और अंतिम सूर्य ग्रहण होगा। अगर आप दक्षिण भारत में रहते हैं तो आप इसे ज्यादा स्पष्ट देख पाएंगे। खासतौर पर कन्नूर, कोझीकोड, मदुरै और त्रिशूर क्षेत्र में ये सर्वाधिक साफ नजर आएगा।