कॉजपा का इंस्टाग्राम खाता थोड़ी देर के लिए हटा, बाद में बहाल

Ads

कॉजपा का इंस्टाग्राम खाता थोड़ी देर के लिए हटा, बाद में बहाल

  •  
  • Publish Date - August 15, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - August 15, 2026 / 01:15 PM IST

नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का आधिकारिक इंस्टाग्राम खाता शनिवार सुबह थोड़ी देर के लिए निष्क्रिय हो गया, लेकिन बाद में फिर बहाल हो गया। संगठन ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उसकी आवाज दबाने की कोशिश की गई।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए छात्र आंदोलन का नेतृत्व करने वाली कॉजपा ने कहा कि उसने अपना इंस्टाग्राम खाता सफलतापूर्वक बहाल कर लिया है।

संगठन ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह बेहद शर्मनाक है कि कॉजपा का विरोध करने वालों ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के दिन हमारी आवाज दबाने की कोशिश की। हम इस तरह की कायराना हरकतों से डरने वाले नहीं हैं।’’

कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम खाता हटा दिया। कितने कायर हैं।’’

संगठन ने दावा किया कि बाद में उसका खाता बहाल कर दिया गया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब कॉजपा पिछले कुछ सप्ताहों से सरकारी और ग्रामीण स्कूलों की स्थिति, छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर अभियान चला रही है।

कॉजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील करते हुए एक अभियान शुरू किया था कि वह अपने स्वतंत्रता दिवस संदेश में देश के युवाओं को संबोधित करें और बेरोजगारी, शिक्षा तथा युवाओं की चिंताओं जैसे मुद्दों पर बात करें।

भाषा गोला रंजन

रंजन