मंत्री वीना जॉर्ज पर हमले के आरोपी केएसयू कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में भेजा

Ads

मंत्री वीना जॉर्ज पर हमले के आरोपी केएसयू कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में भेजा

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 04:06 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 04:06 PM IST

कन्नूर (केरल), पांच मार्च (भाषा) केरल के कन्नूर जिले की एक अदालत ने केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज की ‘‘हत्या का प्रयास’’ करने के आरोप में केरल छात्र संघ (केएसयू) कार्यकर्ताओं को बृहस्पतिवार को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट ई.वी. राफेल ने मामले की जांच कर रही कन्नूर रेलवे पुलिस को एम सी अतुल, वी वी अक्षय, बिथुल बालन, मुबास एच और अहमद यासीन की हिरासत शुक्रवार शाम तक के लिए सौंप दी।

मजिस्ट्रेट ने हाल ही में आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं, क्योंकि पुलिस ने दावा किया था कि उनके खिलाफ जांच प्रारंभिक चरण में है।

अदालत में पेश किए गए आरोपियों को बाद में एक थाने में स्थानांतरित कर दिया गया।

कांग्रेस के छात्र संगठन केएसयू के कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य में कथित चिकित्सा लापरवाही के विरोध में 25 फरवरी को कन्नूर रेलवे स्टेशन पर जॉर्ज के खिलाफ किए गए विरोध प्रदर्शन के समय यह घटना घटी।

बाद में गर्दन में दर्द की शिकायत करने वाली जॉर्ज को अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस ने केएसयू कार्यकर्ताओं के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

जहां एक ओर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) नेताओं ने दावा किया कि वीडियो फुटेज से पता चलता है कि केएसयू कार्यकर्ता जॉर्ज के पास तक नहीं पहुंचे, वहीं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेताओं ने आरोप लगाया कि यह मंत्री की हत्या का एक सुनियोजित प्रयास था।

जॉर्ज को हाल ही में अस्पताल से छुट्टी मिली है।

भाषा यासिर रंजन

रंजन