रामगढ़, पांच अक्टूबर (भाषा) झारखंड के रामगढ़ में कांकेबार के पास रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 45 वर्षीय एक निर्माण श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना सुबह रामगढ़ टाउन पुलिस थाने की सीमा के अंतर्गत रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।
उप-विभागीय पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) परमेश्वर प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रामगढ़ की ओर जा रहे एक ट्रक ने पीछे से एक बाइक को टक्कर मारने के बाद उकरीद गांव के मूल निवासी बरकेश महतो को कुचल दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रसाद ने कहा, ‘हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। हम वाहन और चालक का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।’
उन्होंने बताया कि गुस्साए ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक सड़क जाम रखा और मुआवजे के आश्वासन के बाद यातायात बहाल होने दिया।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप