बुद्ध पूर्णिमा पर हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई

Ads

बुद्ध पूर्णिमा पर हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 05:56 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 05:56 PM IST

हरिद्वार, एक मई (भाषा) बुद्ध पूर्णिमा के पर्व पर शुक्रवार को हरिद्वार में लाखों लोगों ने गंगा नदी में डुबकी लगाई जबकि अखिल विश्व गायत्री परिवार (एडब्लूजीपी) के करोड़ों सदस्यों ने सामूहिक गायत्री यज्ञ संपन्न करके विश्वकल्याण की भावना को जागृत करने का आह्वान किया।

एडब्लूजीपी के यहां स्थित मुख्यालय गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के मार्गदर्शन में दुनियाभर के लगभग पांच करोड़ गायत्री परिवार सदस्यों ने बुद्ध पूर्णिमा पर अपने-अपने घरों में सामूहिक रूप से गायत्री यज्ञ संपन्न किया।

आध्यात्मिक एकता, वैश्विक शांति और सदभावना के उददेश्य से किए गए इस आयोजन में शांतिकुंज की अधिष्ठात्री (प्रमुख) शैल दीदी ने देश-विदेश से जुड़े गायत्री परिवार के सदस्यों को बुद्ध पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व की याद दिलाई और यज्ञ के माध्यम से आत्मशुद्धि, सद्बुद्धि और विश्वकल्याण की भावना को जागृत करने का आह्वान किया।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि इसी दिन गौतम बुद्ध को आत्मज्ञान की प्राप्ति हुई थी और इसी कारण यह दिन आत्मचिंतन, साधना व करुणा के प्रसार का प्रतीक माना जाता है।

उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार का यह प्रयास केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता में सद्भाव, नैतिकता और जागरूकता के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है।

‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना को साकार करने की दिशा में एक सशक्त आध्यात्मिक प्रयास के तहत शांतिकुंज पिछले कई वर्षों से बुद्ध पूर्णिमा पर इस सामूहिक यज्ञ का आयोजन करता रहा है।

इस बीच, हर की पौड़ी समेत हरिद्वार के सभी प्रमुख घाटों पर बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘हर हर गंगे’ के जयकारों के साथ डुबकी लगाई।

गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही घाटों पर जुटने शुरू हो गए और लाखों लोगों ने नदी में डुबकी लगाई। इस दौरान अनेक लोगों ने गंगा स्नान करने के बाद अपने गुरुओं से भी दीक्षा ली।

बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ आने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से भी निगरानी की जा रही थी।

हालांकि, स्नान करने के लिए उमड़ी भारी भीड़ की वजह से हरिद्वार में जगह-जगह जाम की स्थिति भी बनी।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मेला क्षेत्र को आठ जोन और 21 सेक्टरों में विभाजित करके सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे तथा भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात योजना लागू की गयी थी।

भाषा दीप्ति सं

जोहेब

जोहेब