सुजोऊ (चीन), एक मई (भाषा) भारतीय महिला टीम शनिवार को यहां एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अपने पहले ग्रुप मैच में मजबूत ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी।
यह 2005 के बाद अंडर-17 महिला एशियाई कप में भारत की पहली मौजूदगी होगी जिससे इस स्तर पर 21 साल का इंतजार खत्म होगा।
इससे भी ज्यादा अहम बात यह है कि 2026 में यह सीनियर टीम और अंडर-20 टीम के बाद यह भारत की तीसरी महिला एशियाई कप मौजूदगी है।
ऑस्ट्रेलिया एशिया के मशहूर फुटबॉल देशों में से एक है और वह पहले दो मौकों पर इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंच चुका है।
टीम मोरक्को में होने वाले 2026 फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप के लिए चार स्थान में से एक पर कब्जा करने की कोशिश करेगी।
लेकिन ग्रुप बी के मैच में अपने ज्यादा मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के सामने भारत के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है।
भारत की मुख्य कोच पामेला कोंटी ने शुरुआती मैच से पहले टीम के माहौल के बारे में बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हर कोई उत्साहित है और इसके शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। हम काफी समय से, कई महीनों से इस पर काम कर रहे हैं। लेकिन अहम अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेलना, खासकर भारत जैसे इतने बड़े देश का प्रतिनिधित्व करना, हमेशा ही एक शानदार अहसास होता है। हम इसके लिए तैयार हैं। ’’
भाषा नमिता
नमिता