लालदुहोमा सरकार मिजोरम की राजधानी स्थानांतरित करने की योजना बना रही है : एमएनएफ

लालदुहोमा सरकार मिजोरम की राजधानी स्थानांतरित करने की योजना बना रही है : एमएनएफ

लालदुहोमा सरकार मिजोरम की राजधानी स्थानांतरित करने की योजना बना रही है : एमएनएफ
Modified Date: April 11, 2026 / 09:27 pm IST
Published Date: April 11, 2026 9:27 pm IST

आइजोल, 11 अप्रैल (भाषा) विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने शनिवार को दावा किया कि लालदुहोमा सरकार राज्य की राजधानी को आइजोल से थेनजोल स्थानांतरित करने की योजना बना रही है।

आइजोल नगर निगम चुनावों के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए एमएनएफ युवा शाखा के अध्यक्ष रॉबर्ट रोमाविया रॉयटे ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सत्ता के केंद्र को स्थानांतरित करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री ने राज्य की राजधानी को आइजोल से थेनजोल स्थानांतरित करने की इच्छा व्यक्त की है और इस बदलाव के लिए धनराशि की मांग भी की है। यह एक ऐसा कदम है, जिसके लिए गैर सरकारी संगठनों और चर्चों से परामर्श आवश्यक है। यह आइजोल के निवासियों का घोर अपमान है।’

राज्य के विधायक और पूर्व खेल मंत्री रॉयटे ने दावा किया कि जेडपीएम अध्यक्ष लल्लियांसावता ने भी राज्य विधानसभा भवन को ग्रामीण क्षेत्र में स्थानांतरित करने की अपनी मंशा व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने इससे पहले राज्य की राजधानी को थेनजोल स्थानांतरित करने के दावों को खारिज किया था।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में