कानपुर में लैंबॉर्गिनी ने छह लोगों को कुचला: तंबाकू कारोबारी के आरोपी बेटे की होगी चिकित्सा जांच

Ads

कानपुर में लैंबॉर्गिनी ने छह लोगों को कुचला: तंबाकू कारोबारी के आरोपी बेटे की होगी चिकित्सा जांच

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 10:25 PM IST

कानपुर (उप्र), नौ फरवरी (भाषा) कानपुर में लग्जरी कार लैंबॉर्गिनी से रविवार को छह लोगों को कुचलने के आरोप में पकड़े गये तंबाकू कारोबारी के बेटे की चिकित्सा जांच कराई जाएगी। हालांकि, इस मामले में अबतक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक प्रकरण में लापरवाही बतरने के आरोप में ग्वालटोली थाना के थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले में ‘अज्ञात’ चालक के खिलाफ प्रथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा भी जांच के दायरे में है।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को ग्वालटोली इलाके में वीआईपी मार्ग पर अपराह्न करीब सवा तीन बजे करीब 10 करोड़ रुपये कीमत की इतालवी लग्जरी स्पोर्ट्स कार लैंबॉर्गिनी ने कई वाहनों को टक्कर मार दी थी और कई लोगों को कुचल दिया था। इस घटना में कम से कम छह लोग जख्मी हो गये थे।

उन्होंने बताया कि कार में मौजूद तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे की चिकित्सा जांच कराई जाएगी। शिवम पर आरोप है कि वह हादसे के समय लैंबॉर्गिनी चला रहा था।

अटकलें लगाई जा रही थीं कि घटना के वक्त शिवम नशे में था, लेकिन परिवार का दावा है कि उसे मिर्गी के दौरे पड़ते हैं।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने यह पता लगाने के लिए चिकित्सा जांच कराने का फैसला किया है कि क्या मिर्गी या कोई अन्य चिकित्सा स्थिति दुर्घटना का कारण हो सकती है।’’

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आगे की कार्रवाई चिकित्सा जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी। उन्होंने कहा, ‘‘अगर जांच में स्पष्ट होता है कि वह वाहन चलाने के लिए चिकित्सा के कारण उपयुक्त नहीं था, तो हम जांच करेंगे कि उसे ड्राइविंग लाइसेंस कैसे मिला। अगर नियमों का कोई उल्लंघन पाया जाता है तो सम्भागीय परिवहन कार्यालय के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।’’

हालांकि, रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि एक ‘अज्ञात’ चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। संबंधित थानाध्यक्ष संतोष गौर को इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस आयुक्त ने बताया, ‘‘थानाध्यक्ष ने हादसे के बाद सही प्रक्रिया का पालन नहीं किया… यह लापरवाही है। इसीलिये उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।’’

लाल ने कहा कि जांच तय समय में पूरी करने और यथाशीघ्र आरोप पत्र दाखिल करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’’

दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार ने पहले एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मारी और फिर एक खड़ी मोटरसाइकिल से टकरा गई जिससे उस पर सवार व्यक्ति हवा में करीब 10 फुट तक उछल गया। कार मोटरसाइकिल के अगले पहिये पर चढ़ गई और कुछ दूर तक उसे घसीटती रही। उसके बाद एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक दिल्ली की नंबर प्लेट वाली काली लैंबॉर्गिनी डीएल 11 सीएफ 4018 को ज़ब्त कर लिया गया है और यांत्रिकी जांच के लिए भेजा गया है।

चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और कार को घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार सवार के साथ आए निजी बाउंसरों ने भीड़ को पीछे धकेलने की कोशिश की जिससे तनाव बढ़ गया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और कार में मौजूद शिवम मिश्रा को बचाया। उसके बाद उसे और घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

थाने में पीड़ितों और स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि आरोपी के साथ मौजूद निजी बाउंसर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि मिश्रा के परिवार के रसूख के कारण पुलिस उसके साथ नरमी बरत रही है।

घायलों में से एक सोनू त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि वह और उसका चचेरा भाई अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े थे तभी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। उसने बताया कि उसका चचेरा भाई गिर गया और दो अन्य लोग फुटपाथ पर जा गिरे।

घटना के क्रम को फिर से बनाने और दुर्घटना के समय वाहन की गति का पता लगाने के लिए पास की दुकानों, चौराहों और रिहायशी इमारतों में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मिश्रा पर कड़ी नज़र रखी जा रही है ताकि वह जांच से बचने की कोई कोशिश न कर सके। घायल लोगों में से एक तौफीक की शिकायत के आधार पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और चोट पहुंचाने के आरोप में अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सूत्रों के मुताबिक कार की टक्कर से तौफीक कई मीटर दूर जा गिरा था और उसके पैरों में गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

अधिकारियों के मुताबिक शिवम के पिता केके मिश्रा की बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपी गुटखा बनाने वाली कम्पनियों को तंबाकू की आपूर्ति करती है।

अधिकारियों ने बताया कि मिश्रा परिवार मार्च 2024 में आय कर विभाग की नजर में आया था। विभाग की टीमों ने दिल्ली और कानपुर में कई जगहों पर तलाशी ली थी और लग्जरी गाड़ियां और करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की नकदी बरामद की थी।

भाषा सं अभिनव सलीम जफर धीरज

धीरज

शीर्ष 5 समाचार