भूमि धोखाधड़ी मामला: लगातार दूसरे दिन सीआईडी के समक्ष पेश हुए अभिषेक के सहयोगी सुमित रॉय

Ads

भूमि धोखाधड़ी मामला: लगातार दूसरे दिन सीआईडी के समक्ष पेश हुए अभिषेक के सहयोगी सुमित रॉय

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 01:15 PM IST

कोलकाता, नौ अगस्त (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी के सहयोगी सुमित रॉय पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सरकारी जमीन से जुड़ी कथित धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ के सिलसिले में रविवार को लगातार दूसरे दिन यहां भवानी भवन स्थित अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के मुख्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रॉय उच्चतम न्यायालय के आदेश पर पूछताछ के लिए शनिवार को सीआईडी मुख्यालय पहुंचे थे।

सरकारी जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले में सीआईडी ने शनिवार को उनसे करीब 10 घंटे पूछताछ की थी।

तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी रॉय सालबोनी भूमि धोखाधड़ी मामले में लगातार दूसरे दिन पूछताछ के लिए रविवार पूर्वाह्न 10 बजे सीआईडी मुख्यालय पहुंचे।

न्यायालय ने जांच में सहयोग करने की शर्त पर रॉय को 14 अगस्त तक गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण दिया है।

शीर्ष अदालत ने रॉय को जांच में सहयोग करने और जरूरत पड़ने पर पूर्वाह्न 10 बजे से शाम छह बजे के बीच पूछताछ के लिए उपलब्ध रहने का निर्देश दिया था। न्यायालय ने यह भी कहा था कि पूछताछ के दौरान कोई वकील या अन्य व्यक्ति उनके साथ नहीं रह सकता।

सीआईडी सालबोनी भूमि धोखाधड़ी मामले में तृणमूल के पूर्व विधायक सुजॉय हाजरा की गिरफ्तारी के बाद से रॉय की तलाश कर रही थी।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन