रांची, नौ अगस्त (भाषा) झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों और राज्य सरकार के बीच रविवार को नए दौर की बातचीत शुरू हुई।
बातचीत का यह छठा दौर रांची स्थित राज्य अतिथि गृह में हो रहा है। इस बीच, छात्रों का प्रदर्शन रविवार को 16वें दिन भी जारी है और छह प्रदर्शनकारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।
एक छात्र नेता ने कहा, ‘‘हमें 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा रद्द करने और झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में सुधार की हमारी मांगों पर सकारात्मक नतीजे की उम्मीद है।’’
प्रदर्शनकारी कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच कराए जाने की भी मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि जांच या तो केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से या राज्य के बाहर के सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय न्यायाधीशों की समिति से कराई जाए।
भाषा
सिम्मी रंजन
रंजन