हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में भूस्खलन और बाढ़, 100 फुट लंबा लोहे का पुल पानी में डूबा
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में भूस्खलन और बाढ़, 100 फुट लंबा लोहे का पुल पानी में डूबा
शिमला/रामपुर, नौ जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बृहस्पतिवार को भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से तीन मकान, एक गौशाला और कुछ बाग क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि नदी का जलस्तर बढ़ने से 100 फुट लंबा लोहे का पुल पानी में डूब गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, कुप्पा क्षेत्र में पुराने हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-5) पर मालिंग नाला के पास भूस्खलन हुआ, जिससे तीन मकान, एक गौशाला और कुछ बाग क्षतिग्रस्त हो गए। बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर गिरने से कुछ घंटों तक मार्ग भी बाधित रहा।
सांगला के तहसीलदार हरदयाल सिंह ने बताया कि एहतियात के तौर पर प्रभावित 13 लोगों को जीरा फार्म में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कुप्पा क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।
अधिकारियों ने बताया कि 100 फुट लंबे लोहे के पुल के पानी में डूब जाने से लिप्पा गांव का किन्नौर जिले के अन्य क्षेत्रों से संपर्क कट गया है।
उन्होंने बताया कि लिप्पा पंचायत क्षेत्र में पेजर नाला का अचानक जलस्तर बढ़ने से टेटी खड्ड का प्रवाह बाधित हो गया। इसके चलते लोहे का पुल पूरी तरह पानी में डूब गया और अब उस पर आवागमन सुरक्षित नहीं है। पुल के आसपास स्थित कई मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार से जारी बारिश के कारण जिले की कई नदियों और नालों का जलस्तर सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और लोगों से जलाशयों तथा नदी-नालों के पास नहीं जाने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
सोलन जिले के कसौली के निकट शिलर-पथिया संपर्क मार्ग पर मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, शिमला शहर के भराड़ी क्षेत्र में एक पार्किंग स्थल की दीवार ढह जाने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में 15 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
बुधवार शाम से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इस दौरान शिमला, कांगड़ा और जोत में गरज-चमक के साथ बारिश हुई।
सिरमौर जिले का नाहन राज्य में सबसे अधिक वर्षा वाला स्थान रहा, जहां 89.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद सोलन में 46.8 मिमी, जोत में 45.2 मिमी, मालरोआं में 41 मिमी, सराहन में 38.7 मिमी, पांवटा साहिब में 34.4 मिमी, कल्पा में 29.9 मिमी, बिलासपुर में 24.8 मिमी, गुलेर में 24.4 मिमी, शिमला और जट्टन बैराज में 23.2 मिमी-23.2 मिमी, धौलाकुआं में 20.9 मिमी, रोहड़ू में 20.5 मिमी तथा कुफरी में 20 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


