दिल्ली में हल्की बारिश होने से मिली राहत, अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस

Ads

दिल्ली में हल्की बारिश होने से मिली राहत, अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 08:46 PM IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) दिल्ली के विभिन्न इलाकों में रविवार सुबह हल्की बारिश होने के बाद शुष्क मौसमी परिस्थितियों से थोड़ी राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

विभाग ने कहा कि सुबह साढ़े आठ बजे तक आठ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी के मुताबिक सफदरजंग और लोधी रोड वेधशाला में 0.8-0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि पालम में 0.4 मिलीमीटर बारिश हुई। आयानगर में 2.6 मिलीमीटर और सभी केंद्रों में से पीतमपुरा में सबसे अधिक 3.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अतिरिक्त मयूर विहार में 1.0 मिलीमीटर और जनकपुरी में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि रिज वेधशाला में नाममात्र की वर्षा हुई।

स्काइमेट वेदर में मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, “पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य पाकिस्तान तथा उससे सटे पंजाब व हरियाणा के ऊपर चक्रवाती गतिविधि हुई है। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।”

उन्होंने कहा कि अगले दिन भी बारिश होने का अनुमान है और यह इस मौसम की पहली मानसून पूर्व वर्षा है, जो सामान्य समय से लगभग 10 दिन पहले हुई है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और पिछले कुछ दिन से शहर में दर्ज किए जा रहे अधिक तापमान के संयुक्त प्रभाव के कारण यह बारिश हुई है।

अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से 3.6 डिग्री अधिक है।

दिन के दौरान सापेक्षिक आर्द्रता 80 प्रतिशत से घटकर 28 प्रतिशत तक पहुंच गई।

मौसम विभाग ने सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 175 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मिध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश