शिमला, 29 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसके बाद मौसम विभाग ने राज्य में पांच मई तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है।
शिमला मौसम केंद्र के अनुसार, मंगलवार शाम से शिमला जिले के सराहन में सबसे अधिक 25.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मनाली में 15 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 5.8 मिमी, कांगड़ा में 5.1 मिमी, कसौली और मंडी में 5-5 मिमी, गुलेर में 4.6 मिमी, भुंतर और पच्छाद में 4.4-4.4 मिमी, सुंदरनगर में 4 मिमी, शिमला में 3.8 मिमी, सोलन में 2.2 मिमी और कल्पा में 2 मिमी बारिश हुई।
कांगड़ा और मुरारी देवी क्षेत्र में गरज के साथ बौछारें पड़ीं और बिजली भी कड़की।
मौसम विभाग ने तीन मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला सहित पांच जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) चलने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दो मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के निचले, मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में पांच मई तक हल्की बारिश हो सकती है।
राज्य में कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना 35.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।
भाषा सुमित संतोष
संतोष