दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना, आसमान में छाए रहेंगे बादल

Ads

दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना, आसमान में छाए रहेंगे बादल

  •  
  • Publish Date - August 15, 2026 / 06:45 AM IST,
    Updated On - August 15, 2026 / 06:45 AM IST

नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को पूरे दिन आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिसमें लाल किले पर होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के दौरान भी बहुत हल्की बारिश हो सकती है।

लाल किला क्षेत्र के लिए जारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

आईएमडी ने शनिवार सुबह जारी पूर्वानुमान में कहा, ‘‘आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह छह बजे से सात बजे के बीच बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह सात बजे से नौ बजे के बीच लगभग दो से चार मिलीमीटर तक बहुत हल्की बारिश होने की 50 प्रतिशत संभावना है।’’

पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि दोपहर से शाम के बीच लगभग तीन मिमी तक बहुत हल्की बारिश होने की 60 प्रतिशत संभावना है।

शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए हुए थे और सतही हवाएं शांत थीं। आईएमडी के अनुसार, आज तड़के बारिश दर्ज नहीं की गई।

भाषा गोला रंजन

रंजन